माल ढुलाई को लेकर दो ट्रक यूनियनों में भिड़ंत, लाठी-डंडों से झड़प में कई घायल

Amit
2 Min Read

ऊना के मुबारिकपुर में उद्योग के बाहर ट्रक यूनियनों के बीच तनाव, दर्जन भर लोग अस्पताल पहुंचे, पुलिस ने हालात किए काबू

ऊना। रविवार को ऊना जिले के मुबारिकपुर इलाके में दो ट्रक यूनियनों के बीच सामान ढुलाई को लेकर विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। इस संघर्ष में करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं। मामला अंब ट्रक यूनियन और भंजाल ट्रक यूनियन के बीच वर्चस्व को लेकर खड़ा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब अंब यूनियन का एक ट्रक सुबह एक स्थानीय उद्योग के गेट से माल लेकर गुज़र रहा था। तभी वहां मौजूद भंजाल यूनियन के सदस्यों ने रास्ता रोकते हुए ट्रक पर हमला कर दिया। मामला कुछ ही मिनटों में लाठी-डंडों, ईंटों और रोड़ों की मारपीट में तब्दील हो गया।

हरदेव सिंह, जो अंब यूनियन के प्रतिनिधि हैं, का कहना है कि उनके चार साथी बुरी तरह जख्मी हुए हैं। वहीं भंजाल यूनियन के अमरिंदर सिंह मोनू ने आरोप लगाया कि अंब यूनियन जानबूझकर उनके इलाके में दखल देने की कोशिश कर रही है, जबकि उस उद्योग की माल ढुलाई वर्षों से उनकी यूनियन करती आ रही है। उनके छह सदस्यों को भी चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही अंब थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सिविल अस्पताल अंब में भर्ती कराया गया और क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत से हल निकालने के लिए कहा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment