लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में हत्या का मामला, मुख्य आरोपी राहुल गिरफ्तार

News Desk
3 Min Read

लोनी। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में कार से बाइक टकराने के बाद छात्र की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसमें मुख्य आरोपित राहुल को पुलिस ने बेहटा पाइपलाइन के पास पकड़ा। फरार आरोपित की पुलिस तलाश कर रही है।

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपित टीला शाहबाजपुर गांव निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है। उसके फरार साथी की तलाश में तीन टीमों को लगाया गया है।

बता दें कि लोनी मुस्तफाबाद कालोनी निवासी शाकिर ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि उनका भाई जैद उर्फ शारिक दसवीं का छात्र था। सोमवार दोपहर वह करीब तीन बजे अपने साथी नदीम और इब्राहिम के साथ बाइक से बेहटा हाजीपुर स्थित स्वींमिंग पूल में नहाने के लिए गया था।

कार सवार ने पहले जैद को थप्पड़ मारे फिर…

जैसे ही बेहटा हाजीपुर नहर रोड पर मुड़कर कुछ ही दूरी पर पहुंचे। तभी सामने से आ रही नीले रंग की कार में बाइक की साइड लग गई। इससे गुस्साया कार सवार नीचे उतरा और जैद को दो-तीन थप्पड़ मारे और जैद को अपनी कार में डालकर अपने प्रॉपर्टी डीलिंग के कार्यालय में ले गया। उसके साथी बाइक से कार के पीछे-पीछे पहुंच गए।

जब ऑफिस में अंदर जाकर देखा तो राहुल नाम का ऑफिस मालिक अपने साथी के साथ गाली दे रहा था। अंदर जैद जमीन पर बेहोशी हालत में पड़ा मिला। आवाज देने पर नही उठा तो ऑफिस मालिक ने उसके दोस्तों को भी जान से मारने की धमकी देने लगा।

आरोपितों ने दोनों को धमकाते हुए साथी को ले जाने की बात कही। इसके बाद दोनों बेहोश साथी को बाइक की सहायता से घर की ओर चले। वहीं घटना के बाद हमलावर कार्यालय बंद कर मौके से फरार हो गए।

दोनों लोनी भोपुरा मार्ग से एक ई-रिक्शा में जैद को लेकर घर पहुंचे। इसके बाद स्वजन करीब चार बजे जैद को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मंगलवार दोपहर करीब चार बजे शव का पोस्टमार्टम होने के बाद स्वजन शव को लेकर घर पहुंचे। इसके बाद स्वजन ने शव को मुस्तफाबाद कालोनी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment