गुरुग्राम में बंद घर को बनाया निशाना, 30 लाख के गहने और नकदी चोरी

Amit
2 Min Read

गुरुग्राम – अर्बन एस्टेट इलाके में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घर में घुसकर आरोपी ने नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया, जिसकी कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घर के मालिक दीपक शर्मा और उनकी पत्नी काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घर में मौजूद उनकी माता भी दोपहर के समय बाजार चली गईं और बाद में रिश्तेदार के यहां चली गईं। इसी दौरान आरोपी ने सूने घर का फायदा उठाकर ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गया।

शाम के समय जब परिवार की सदस्य वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले भी टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सोने-चांदी के कई आभूषण और नकदी गायब मिले।

सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक घर में घुसते और कुछ ही मिनटों बाद बैग लेकर बाहर निकलते हुए दिखाई दिया है। बताया जा रहा है कि उसने महज कुछ मिनटों में ही पूरी वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment