WTC Final के लिए इरफान पठान ने चुनी भारत की प्लेइंग 11, दो स्पिनर टीम में शामिल, KS Bharat को किया बाहर

Rohit Kumar
3 Min Read

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया और पैट कमिंस के नेतृत्व वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की 7 जून से आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में भिड़ंत होगी। दोनों की लंदन के द ओवल मैदान पर टक्कर होगी। खिताबी मुकाबले को लेकर जमकर चर्चा हो रही है। फैंस, क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर्स अलग-अलग पहलुओं पर अपनी राय का इजहार कर रहे हैं। सुनील गावस्कर और हरभजन सिंह समेत कई पूर्व खिलाड़ियों ने फाइनल के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन चुनी है। वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने सोमवार को डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन की घोषणा की।

इरफान ने अपनी टीम की घोषणा ट्विटर पर की। उनकी टीम में तीन फास्ट बॉलर और एक स्पिनर है। लेकिन इरफान इस बात को लेकर कंफ्यूज दिखे कि टीम में अतिरिक्त स्पिनर के रूप में  रविचंद्रन अश्विन को होना चाहिए या फिर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर शार्दुल ठाकुर को। उन्होंने इस संबंध में फैंस की राय मांगी। बता दें कि इरफान की प्लेइंग इलेवन में रोहित शर्मा और शुभमन गिल को ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेतेश्वर पुजारा नंबर तीन पर हैं, जिन्होंने काउंटी क्रिकेट में खूब धमाल मचाया।

इरफान ने चौथे नंबर पर दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और पांचवें स्थान पर अजिंक्य रहाणे को रखा है। दोनों आईपीएल 2023 में अच्छी फॉर्म में नजर आए। इरफान ने विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में ईशान किशन को शामिल किया। उन्होंने ईशान को केएस भरत पर तरजीह दी है। ईशान ने अब तक कोई टेस्ट नहीं खेला। पूर्व क्रिकेटर ने रविंद्र जडेजा को नंबर सात पर जगह दी है। आठवें स्थान के लिए अश्विन और शार्दुल में से कोई एक हो सकता है। उन्होंने तेज गेंदबाज के रूप में मोहम्मद शमी, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज को चुना है।

इरफान ने अपनी प्लेइंग इलेवन के अंत में लिखा कि गर्मी की शुरुआत है तो मेरे लिए मौसम और पिच का सवाल भी है। ऐसे में अश्विन और शार्दुल को लेकर डिबेट रहेगी। आप लोग इस बारे में क्या सोचते हैं?

इरफान पठान की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए पसंदीदा प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ईशान किशन (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन/शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।

डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, ईशान किशन (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज,  शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और जयदेव उनादकट। स्टैंडबाय खिलाड़ी: सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल, मुकेश कुमार।

Share This Article
Leave a Comment