गाजियाबाद: पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी का आरोप, महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक महिला के खिलाफ पहली शादी की जानकारी छिपाकर दूसरी शादी करने, करोड़ों रुपये की अवैध वसूली, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि महिला ने पहली शादी के बारे में जानकारी छिपाकर वर्ष 2016 में उससे शादी की। बाद में उसे आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

एफआइआर के अनुसार देहरादून निवासी नंदन अग्रवाल ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि प्रियंका अग्रवाल ने 22 अप्रैल 2016 को गाजियाबाद में विवाह पंजीकरण कराया। पंजीकरण के दौरान उसने शपथ पत्र देकर खुद को अविवाहित बताया। जबकि वह पहले से शादीशुदा थी।

महिला ने अपने पहले पति से विधिवत तलाक लिए बिना दूसरी शादी की। बाद में उसे पता चला कि महिला ने अपने पहले पति के खिलाफ के पारिवारिक न्यायालय में तलाक का मुकदमा दायर किया था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद उसने पत्नी पर विश्वास करते हुए उसके लिए मकान खरीदा।

झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई

महिला ने उसके साथ विश्वासघात किया और लगातार अवैध धन की मांग करती रही। आरोप है कि महिला ने करीब दो करोड़ रुपये, जेवर, फर्नीचर व अन्य सामान अपने कब्जे में कर लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।

वर्ष 2023 में उसे महिला की पहली शादी की जानकारी मिली। इसके बाद उसने 27 जनवरी 2026 को पुलिस आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय में गुहार लगाई। पुलिस ने प्रियंका अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment