ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी का सामान, नकदी, एक कार और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हाथरस के रहने वाले अवधेश सिंह और हरियाणा के कैथल निवासी बलराज के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने उन्हें नट मडैया गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपने तीसरे साथी बंटी के साथ मिलकर 28 फरवरी की रात सेक्टर-36 में एक बंद मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात से पहले उन्होंने इलाके की रेकी की और यह सुनिश्चित किया कि घर में कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद देर रात खिड़की काटकर घर के अंदर दाखिल हुए और वहां से नकदी, ज्वैलरी, घड़ियां और लैपटॉप समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि चोरी के बाद आरोपी सामान को कार में रखकर मौके से भाग निकले थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी दिन के समय शहर में घूमकर ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जिन पर ताला लगा होता था या जहां लंबे समय से कोई गतिविधि नहीं दिखती थी। इसके बाद रात में गैस कटर या आरी की मदद से खिड़की या दरवाजा काटकर घर में घुस जाते थे और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है और बरामद अवैध हथियार के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
