नोएडा। नोएडा में ट्रेनिंग स्कूल का ट्रेनर सुबह शाम महिलाओं को स्कूटी सिखाने की आड़ में साथी संग मिलकर दो पहिया वाहन चोरी करने वाला गिरोह भी चला रहा था।
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया। सरगना समेत दो शातिरों को सेक्टर-50 से मंगलवार रात को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद हुईं। आरोपित वारदात करने के इरादे से घूमने के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस आरोपितों के साथियों का पता कर रही है।
नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान सेक्टर-50 से बाइक सवार दो संदिग्ध को दबोचा। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान बिहार कटिहार के गोपालगंज गांव के बलिंदर और नोएडा के होशियारपुर गांव के विवेक के रूप में हुई। वर्तमान में बलिंदर होशियारपुर गांव में किराये पर रहता है।
लॉक तोड़कर चोरी करते थे बाइक
वहीं, पूछताछ में पता चला है कि दोनों आठवीं कक्षा पास हैं। बलिंदर ऑनलाइन चलने वाले एनएस टू व्हीलर ट्रेनिंग स्कूल में ट्रेनर है। वह महिलाओं को एक हजार रुपये में स्कूटी सिखाने की 12 दिन की ट्रेनिंग देता है। वह मेघदूतम पार्क के पास खाली पड़े मैदान में स्कूटी सिखाता है। उसकी वाहन सिखाने की कई वीडियो सोशल मीडिया पर हैं, जबकि विवेक कोई स्थाई काम नहीं करता है। दोनों मिलकर पार्क, मॉल, फैक्ट्री के आसपास खड़े वाहनों की रेकी करते हैं। लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर ले जाते हैं।
चोरी के वाहनों को एकांत जगह पर खड़ा कर देते हैं। ग्राहक ढूंढकर वाहनों को आठ से 15 हजार रुपये में बेच देते हैं। ग्राहक नहीं मिलने पर वाहनों पार्ट्स में काटकर भी खपाते हैं। इससे प्राप्त रकम को आपस में बांटकर अपने शौक व खर्चें पूरे करते हैं।
ट्रेनिंग स्कूल के ट्रेनर का होगा सत्यापन
एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में यह बात भी पता चला है कि दोनों नशा करने के भी आदी है, लेकिन विवेक नशे का शौक पूरा करने के लिए ही वारदात करता है। उधर, थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि दोनों पर चोरी, आबकारी व आर्म्स एक्ट के नोएडा के सेक्टर 39, सेक्टर 49 व सेक्टर 24 में तीन-तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस वाहनों के मालिकों और केस के बारे में पता कर रही है।
पुलिस यह भी जानकारी कर रही है कि जिन लोगों को बलिंदर ट्रेनिंग देता है। उनके वाहनों पर तो हाथ नहीं साफ करता था। उसके अन्य अपराधों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। पुलिस अधिकारी जल्द ही ऑनलाइन चलने वाले ट्रेनिंग स्कल के ट्रेनर का सत्यापन करने के लिए एआरटीओ से पत्राचार करेंगे।

