दिल्ली में सड़क हादसे में दो विधायक घायल, इनोवा और स्विफ्ट की जोरदार टक्कर

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में रविवार रात एक सड़क हादसे में दो कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटिल समेत कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को उपचार के लिए एलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह के मुताबिक, आईपी एस्टेट थाने को रात करीब 9.30 बजे सड़क हादसे की जानकारी मिली।

टक्कर से कार सवारों को आई मामूली चोटें

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि इनोवा और स्विफ्ट कार में टक्कर हुई थी। दिल्ली के आर्य नगर के 32 वर्षीय आशुतोष पांडे स्विफ्ट कार चला रहे थे। वह अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों के साथ लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रहे थे।

पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास उनकी कार पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद कार रेलिंग पार करते हुए आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही इनोवा से जा भिड़ी। इनोवा में किराड़ी विधानसभा क्षेत्र के मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल सवार थे।

टक्कर के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी को तुरंत एलएन अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हटाया गया, जिससे यातायात को सामान्य कराया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद लगा जाम वहीं हादसे के बाद आइटीओ पर लंबा जाम लग गया।

जब तक दिल्ली पुलिस ने फायर विभाग की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को हटाया उससे पहले डीडीयू मार्ग, आईटीओ, मंडी हाउस, प्रगति मैदान , सराय काले खां पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और लंबा जाम लगा रहा। हालांकि, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो गया।

Share This Article
Leave a Comment