पांच लड़कों ने कूरियर बॉय बनकर घर में की चोरी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। प्रशांत विहार इलाके में डीआरडीओ से सेवानिवृत्त वैज्ञानिक के घर सनसनीखेज डकैती के मामले को रोहिणी जिला पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक के बेटे के पूर्व कर्मचारी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व कर्मचारी ने बदमाशों को घर में नकदी और गहने होने की जानकारी दी थी।

वारदात की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को देखा गया। पुलिस ने बदमाशों के भागने की दिशा में सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए करोलबाग पहुंची और करोलबाग में रहने वाले बदमाश जसमीन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने बदमाश की निशानदेही पर उनके पूर्व कर्मचारी नोएडा यूपी निवासी गौरव कवात्रा को गिरफ्तार किया।

उसके कब्जे से पुलिस ने 10.15 लाख नकद, बैंक खाते में जमा 2.89 लाख को फ्रीज किया। साथ ही 1.38 लाख का मोबाइल फोन बरामद किया है। 18 अक्तूबर को पांच लड़कों ने कूरियर बॉय बनकर जबरन उनके घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश घर से दो करोड़ नकद और 260 ग्राम सोना ले गए थे। पुलिस वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Share This Article
Leave a Comment