उमेश पाल केस: STF के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, माफिया के बेटे का मोबाइल और ATM इस्तेमाल करने वाला युवक पकड़ा गया

Rohit Kumar
3 Min Read

उमेश पाल शूटआउट केस में माफिया अतीक अहमद (Mafia Atique Ahmed) और उसके करीबियों पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है. पुलिस और एसटीएफ टीम हत्याकांड में शामिल लोगों की धरपकड़ में जुटी है. इसी बीच एसटीएफ ने माफिया के बेटे असद अहमद के दो मददगारों को हिरासत में ले लिया है. दोनों युवकों को एसटीएफ ने दो-तीन दिन पहले ही हैदराबाद से उठाया है. हिरासत में लिए गए युवकों में एक असद अहमद का करीबी दोस्त बताया जा रहा है.

असद के मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड का किया था इस्तेमाल 

उमेश पाल शूटआउट के दिन अतीक के बेटे के दोस्त ने लखनऊ में असद का मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड इस्तेमाल कर रहा था. इसने असद के मोबाइल से तमाम लोगों से बातचीत की थी. इसके अलावा असद के एटीएम कार्ड का भी इस्तेमाल किया था. असद के कार्ड से एटीएम बूथ से पैसे निकाले थे. इसके अलावा एक कैफे पर जाकर वहां भी कार्ड से पेमेंट किया था. वारदात के दिन असद की मौजूदगी लखनऊ में दिखाने के लिए दोस्त ने मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया था.

शूटर से मिलने की भी बात आई सामने 

वहीं, वारदात के बाद युवक ने असद का मोबाइल फोन उसके फ्लैट में छोड़ दिया था. जानकारी के मुताबिक, यह युवक लखनऊ के इंपीरियल कॉलेज के नजदीक वारदात में शामिल एक शूटर से भी मिला था. इतना ही नहीं इसने वारदात के बाद भी असद की मदद की थी. मामले का खुलासा होने पर युवक अपने भाई के साथ लगातार ठिकाने बदल रहा था.

पिछले कुछ दिनों से असद का दोस्त हैदराबाद में एक जगह छुपा हुआ था. जहां से एसटीएफ ने असद के दोस्त और उसके भाई को हैदराबाद से हिरासत में लिया है. एसटीएफ की टीम इन दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है. दोनों युवकों से पूछताछ में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिल रहे हैं. एसटीएफ इसे बड़ी कामयाबी मान रही है. जल्द ही इनकी गिरफ्तारी कर जेल भी भेजा जा सकता है.

Share This Article
Leave a Comment