गाजियाबाद में फायरिंग का खुलासा: जीजा ने साले पर जानलेवा हमला करवाया, दो गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। लोनी थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यू विकास नगर कालोनी में तीन जुलाई को हुई फायरिंग की वारदात से पर्दाफाश किया है। पुलिस के मुताबिक जीजा ने बदतमीजी का बदला लेने के लिए साले पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की थी। पुलिस ने आरोपित जीजा और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि चार जुलाई को न्यू विकास नगर कालोनी निवासी राजेश ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे उनका बेटा तुषार जिम से घर आया था। वह घर के बाहर खड़ा था। तभी बुलेट बाइक पर आए दो युवकों ने बेटे पर फायरिंग कर दी। उनकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

मुखबिर की सूचना पर लोनी बलराज नगर निवासी विवेक और उसके साथी जिला मेरठ ग्राम टीकमपुर निवासी नवनीत उर्फ मीनू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में विवेक ने बताया कि राजेश की बेटी से उसकी शादी हुई थी। उनका पारिवारिक विवाद चल रहा है। विवाद के दौरान उनके साले तुषार ने उनके साथ बदतमीजी की। जो उन्हें नागवार गुजरी।

उन्होंने अपने दोस्त नवनीत से संपर्क कर मामले से अवगत कराया। जिसके बाद दोनों ने साले को जान से मारने की साजिश रची। साजिश के तहत उन्होंने तुषार पर फायरिंग की। एसीपी ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ है।

जेल जा चुका नवनीत

एसीपी लोनी ने बताया कि नवनीत पर हत्या का मामला दर्ज है। वह वर्ष 2021 में जिला मेरठ के थाना जानी से जेल जा चुका है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment