नोएडा। नोएडा सेक्टर-24 थानाक्षेत्र के होशियापुर गांव में देर रात पैसों के विवाद में तीन गाड़ियों से पहुंचे दस से ज्यादा युवकों ने बैटरी की दुकान के कर्मचारी और उसके तीन साथियों पर हमला कर दिया।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपित ने हथियार से फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली मिथुन नाम के कर्मचारी की नाक के पास से छूकर निकल गई। घायल को तुरंत जिला अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।
डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी। गोली चलने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और गहन पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल के पास से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं।
बैटरी की दुकान चलाते हैं प्रदीप कुमार
होशियारपुर में रहने वाले प्रदीप कुमार ने बताया कि वह गांव में ही पिछले एक वर्ष से बैटरी की दुकान करते हैं। उनके दुकान पर मिथुन नाम का कर्मचारी भी देखभाल के लिए रहता है।
मंगलवार रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर बड़े भाई राजकुमार के साथ घर चले गए। देर रात में परिवार के सदस्य सो रहे थे कि तभी मिथुन ने तीन गाड़ियों में सवार दस युवकों द्वारा धमकी और गाली गलौज करने की सूचना दी।
राजकुमार दुकान पर पहुंचे तो आरोपितों ने मिथुन और उनसे झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद का विरोध करने और एक आरोपित ने मिथुन पर तीन राउंड फायरिंग कर दी।
मिथुन की नाक छूकर निकली एक गोली
एक गोली मिथुन की नाक से छूकर निकल गई, जबकि दो अन्य गोली आसपास के बोर्ड और अन्य सामान में लगकर घुस गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो हमलावर गाड़ी लेकर वहां से भाग गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मिथुन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायतकर्ता प्रदीप के मुताबिक, हमला करने वाले तीन आरोपित विशाल, तिलक और विकास पर गैंग्स्टर की कार्रवाई हो चुकी है।
क्या बोली पुलिस?
पुलिस का कहना है कि सेक्टर-52 में रहने वाले विशाल यादव, विकास, राहुल यादव, पुष्पेंद्र और आशू के अलावा दूसरे पक्ष के मिथुन पुत्र लक्ष्मण, नितिन पुत्र उमेश व काले पुत्र ओमवीर के साथ मारपीट की सूचना मिली थी।
सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया। दोनों पक्ष एक ही परिवार के सदस्य है। जांच में आया है कि दोनों पक्षों में रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद है। जांच में गोली चलने की कोई पुष्टि नही हुई है।
साक्ष्य संकलन कर सभी अहम बिंदुओ पर गहनता से जांच कर चल रही है। प्रथमदृष्टया, शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध भी प्रतीत हो रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल सीसीटीवी की फुटेज से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।

