सुल्तानपुरी में फायरिंग से मचा हड़कंप, फूड स्टॉल बना निशाना

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां इरफान नाम का युवक मौजूद मिला, जो सड़क किनारे फूड स्टॉल लगाता है।

इरफान ने बताया कि वह अपने स्टॉल पर काम कर रहा था, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना वजह हंगामा करने लगे। उन्होंने स्टॉल पर रखा खाना इधर-उधर फेंक दिया और माहौल बिगाड़ दिया। जाते-जाते उनमें से एक ने डराने के लिए हवा में गोली चला दी और सभी मौके से फरार हो गए।

पुलिस को घटनास्थल से एक खाली कारतूस मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट भी वजह बन सकती है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इरफान और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच पुराना विवाद चला आ रहा है। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर एंगल से जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment