
गाजियाबाद। अंबेडकर रोड स्थित कपड़ो के शोरूम यूएस पोलो में मंगलवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग शोरूम की पहली मंजिल पर लगी थी। सूचना पर कोतवाली अग्निशमन केंद्र से चार दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं।दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कोतवाली अग्निशमन केंद्र को अंबेडकर रोड स्थित प्लाट नंबर-76 में यूएस पोलो के शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। शोरूम विनय बंसल का बताया गया है। सूचना मिलते ही एफएसओ कोतवाली शेषनाथ यादव चार दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पता चला कि बेसमेंट, भूतल और प्रथम तल वाले शोरूम की प्रथम मंजिल पर आग लगी थी। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों ने होज पाइप बिछाया और घने धुएं के बीच पहली मंजिल तक पहुंचकर पानी की बौछार की। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाकर शांत कर दिया गया। आग लगने के कारण और नुकसान का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
