ज्योति नगर में आर्थिक तंगी ने छीनी दो जिंदगियां, दंपती ने अलग-अलग कमरों में लगाई फांसी

Amit
2 Min Read

दिल्ली- दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में गुरुवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक दंपती की मौत उनके किराए के फ्लैट में हो गई। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिले, जिससे पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा फैल गया।

मृतकों की पहचान 55 वर्षीय अजय कुमार दीक्षित और उनकी पत्नी 50 वर्षीय रीता दीक्षित के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से एक पत्र मिला है, जिसमें लंबे समय से चल रहे आर्थिक संकट और मानसिक तनाव का जिक्र किया गया है।

उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वेस्ट ज्योति नगर स्थित एक फ्लैट में दंपती ने आत्मघाती कदम उठाया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके हुए थे।

जांच में सामने आया है कि अजय दीक्षित पहले एक छोटी फैक्ट्री का संचालन करते थे, जो कुछ समय पहले बंद हो गई थी। इसके बाद उन्होंने मेडिकल स्टोर का व्यवसाय शुरू किया, लेकिन बढ़ते कर्ज और लगातार घाटे के कारण परिवार आर्थिक दबाव में आ गया। हालात बिगड़ने पर उन्होंने अपना मकान बेच दिया और कुछ माह पहले किराए के घर में रहने लगे थे।

परिजनों के मुताबिक, दंपती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। पुलिस को मिले पत्र में उन्होंने अपनी स्थिति के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

घटना के वक्त दंपती का बेटा भास्कर घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से जब फ्लैट खोला गया, तो अंदर का दृश्य बेहद विचलित करने वाला था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment