ग्रेटर नोएडा। शहर के सेक्टर-10, सेक्टर-12 और नालेज पार्क-5 में रहने वाले हजारों परिवारों को जल्द ही पेयजल संकट से राहत मिलने वाली है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का जल विभाग इन तीनों सेक्टरों में नई वाटर डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन बिछाने का काम तेज गति से कर रहा है।
इन सेक्टरों में करीब 80 से 90 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। प्राधिकरण अधिकारियों का प्रयास है कि अगले माह तक काम पूरा कर इससे जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी। इन सेक्टरों में पुरानी लाइनें जर्जर होने और आबादी का दबाव बढ़ने से अक्सर लो प्रेशर की समस्या आती थी।
खासकर, ग्रेनो वेस्ट के ऊंचे टावरों में ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पाता था। नई पाइपलाइन बिछने के बाद यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी। इन तीनों सेक्टरों के करीब 8 हजार फ्लैट्स में रहने वाले लोगों को पानी की किल्लत से छु़टकारा मिल जाएगा।
जल विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि कुल 6.5 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाई जा रही है। इसके बाद इन सेक्टरों को पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी मिलेगा। इस लाइन के चालू होने के बाद इन क्षेत्रों में टैंकर से जलापूर्ति की समस्या दूर हो जाएगी।

