पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़ के इंद्रा पार्क स्थित सैलून में शुक्रवार दोपहर बाल कटवा रहे नंगली सकरावती के सोनू तहलान और आशीष को गोली मारने वाले आरोपितों की पहचान हो गई है। संजीव दहिया उर्फ संजू और हर्ष उर्फ़ चिंटू ने उनको गोली मारी थी। हालांकि उनका मुख्य टारगेट नीरज था जो आरोपितों को देखकर छिप गया था।
पुलिस उसे हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। वहीं पुलिस की कई टीम आरोपितों को पकड़ने में लगी हैं। दूसरी ओर सोनू व आशीष का पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम को स्वजन को शव सौंप दिया गया, जिनका गांव की श्मशान भूमि पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, आशीष का दोस्त नीरज हत्या के मामले में फरार चल रहा था। इस दौरान संजीव दहिया ने उसकी फरारी कटवाने में मदद की थी। बाद में नीरज को पुलिस ने पकड़ लिया था। नीरज को शक था कि संजीव ने ही पुलिस को उनकी मुखबिरी की है। इसी वजह से पुलिस ने उसे पकड़ा।
इस बात को लेकर नीरज व आशीष संजीव से काफी नाराज थे। वह संजीव को काफी समय से धमकी दे रहे थे। धमकियों के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट भी डाले जा रहे थे।
डर इतना बढ़ गया था कि संजीव को यहां तक लगने लगा था कि अगर नीरज को नहीं मारा तो वह उसे मार देगा। इसी को लेकर वह सैलून में गए और गोली मारकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि सोनू नीरज का पक्ष लेता था, इसलिए उसे भी गोली मार दी गई। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टी नहीं की है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि गोली चलाने वाले दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों पक्षों में काफी समय से दुश्मनी थी।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर कुछ विवाद हुआ था। उसी को लेकर गोली मारी गई है।फिलहाल द्वारका जिले की कई टीम आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।
हाल ही में जेल से बाहर आया था एक आरोपित
सूत्रों की माने तो संजीव दहिया पुलिस कर्मी का बेटा है और दिल्ली की एक कोर्ट में वकालत करता है। वहीं चिंटू गैंगस्टर योगेश टुंडा का भाई बताया जा रहा है। जो हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
दस फरवरी को जागरण करवाने वाला था सोनू
सोनू प्रापर्टी डीलर का काम करता था और मकान किराये पर देता था।सोनू के स्वजन ने बताया कि सोनू जागरण करवाने वाला था।पहले जागरण 31 जनवरी को होना था, लेकिन वर्षा की वजह से इसे दस फरवरी को किया जाना था।
जागरण को लेकर पूरा गांव तैयारी कर रहा था।कई लाख रुपये का टेंट भी बुक करवा दिया गया था।जागरण के लिए गायक कन्हैया मित्तल को बुलाया गया था।जागरण के लिए ही वह सैलून में दाढ़ी व बाल कटवाने गया था।

