नई दिल्ली। शादी के बाद महिला ने अपने दोस्त से दूरी बनाई तो नाराज युवक आधी रात में उसके घर में सीढ़ी लगाकर घुस गया और उसके पति व सास को चाकू मार घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़ित पति अपनी पत्नी, छोटी बेटी, सास और साली के साथ सराय रोहिल्ला इलाके में रहता है। उसने पुलिस को बताया कि चार साल पहले उसकी पत्नी की एक युवक से दोस्ती थी। शादी के बाद उसकी पत्नी ने युवक से दूरी बना ली और उससे बात करना भी बंद कर दिया था।
पत्नी की बजाय सास के घर में घुसा
दो फरवरी की रात आरोपी सीढ़ी लगाकर उसके घर में घुस गया। गलती से उसकी पत्नी की बजाए उनकी सास के कमरे में घुस गया। सास की आंख खुल गई और आरोपित को देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर परिवार के सभी सदस्य उठ गए।
पीड़ित की पत्नी के साथ की मारपीट
आरोपित तेजी से भाग दंपती के कमरे में घुस गया। पीड़ित ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो उसके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की सास और पत्नी बचाने लगे तो आरोपी ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। पीडि़त की पत्नी के साथ भी मारपीट की।

