मेरठ में दिनदहाड़े कपड़ा कारोबारी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर किया पुलिस के हवाले 

मेरठ। मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक कपड़ा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राधना वाली गली में बाइक से घर लौट रहे 45 वर्षीय अबरार को 20 वर्षीय उजैर ने पीठ पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। हमले में अबरार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाग रहे उजैर को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश, अवैध कटान की मुखबिरी और संपत्ति विवाद हो सकता है। आरोपी उजैर ने स्वीकार किया कि मृतक अबरार उसके पिता को लगातार धमकी दे रहा था। घटना के समय उजैर के साथ फुरकान, मुकीम, मोबिन और इमरान भी मौजूद थे, जो अब फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, अबरार की दुकान के पास उजैर के पिता और ताऊ की मीट की दुकान है। अबरार अक्सर अवैध पशु कटान की शिकायत करता था, जिससे आरोपी पक्ष पहले भी कानूनी कार्रवाई झेल चुका था।

शनिवार को अबरार दुकान से घर खाना खाने जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और उजैर ने गोली चला दी। पास के दुकानदारों ने अबरार को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पकड़े जाने के बाद पुलिस उजैर को तमंचा बरामदगी के लिए खुशहाल नगर ले गई, जहां उसने पुलिस पर भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment