ग्रेटर नोएडा। विभिन्न मांगों को लेकर अप्रैल में हुई श्रमिक हिंसा के मामले में सेक्टर-63 कोतवाली पुलिस ने विपुल मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड वर्कशॉप द्वारा दर्ज कराए प्रकरण में विवेचना पूरी कर चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी।
पुलिस ने 400 से अधिक पेज की चार्जशीट में 64 लोगों को आरोपित बनाया है। इसमें सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट को साक्ष्य बनाया है। मामले की अगली सुनवाई की तारीख अब कोर्ट निर्धारित करेगा।
जान से मारने की धमकी
सेक्टर-63 कोतवाली पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, 13 अप्रैल की दोपहर करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ विपुल मोटर्स वर्कशॉप पर पहुंची थी। आरोप है कि भीड़ ने पहले बाहर पथराव किया और फिर जबरन अंदर घुसकर कर्मचारियों से मारपीट की। सुरक्षा गार्ड को जान से मारने की धमकी भी दी गई। अचानक हुए हमले से वर्कशॉप में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागे।
दुकानों और कंपनियों में फैली थी दहशत
बताया कि हमलावरों ने परिसर में खड़े वाहनों को निशाना बनाया। छह चार पहिया और छह दोपहिया वाहनों में आग लगा दी गई। 38 अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। वर्कशॉप के शीशे, गार्ड रूम और अन्य ढांचों को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के दौरान आसपास की दुकानों और कंपनियों में दहशत फैल गई। कई दुकानदारों ने डर के कारण तत्काल शटर बंद कर दिए।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं और आग पर काबू पाया। विवेचना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया।
वहीं, जांच में सामने आया कि आरोपिताें ने आसपास की अन्य फैक्ट्रियों पर भी पथराव कर वाहनों को नुकसान पहुंचाया। आग से क्षतिग्रस्त वाहनों के फोटो, तकनीकी रिपोर्ट और दस्तावेजों को साक्ष्य के रूप में केस डायरी में लगाया गया है।
कोर्ट में पेश किए यह साक्ष्य
पुलिस ने कोर्ट में पेश की चार्जशीट में घटनास्थल से लाठी, डंडे, लोहे की सरिया, ईंट-पत्थर, जूते-चप्पल और पेट्रोल की प्लास्टिक बोतलें भी बरामद करने की बात कही है। इन्हें भी साक्ष्य के तौर पर कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस का दावा है कि इन साक्ष्यों से आरोपितों द्वारा साजिश रच कर हिंसक वारदात अंजाम देने की पुष्टि होती है।
आरोपितों की सूची में यह नाम हैं शामिल
पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश चार्जशीट में आरोपितों में रोहित, अभय, विशाल, अहमद, ओमप्रकाश, चिराग सक्सेना, संदीप, मोहम्मद अहद, अब्दुल, मनीष कुमार, रंजीत कुमार, कुलदीप, जय प्रकाश, सचिन, ब्रजमोहन, पिंकु, सागर, धीरेंद्र प्रताप, नरेश, विपिन, शिवम, विशाल उर्फ मोंटी, योगेश, मुख्तार, अंकुश, प्रवेंद्र, बशारत, अमन, आदिल, अंशुल, आलोक पांडेय, दीपक, विवेक पांडेय, आशीष, राघवेंद्र, अभिषेक, मनु, शुएब, सोनू, विजय साहू, मयंक तिवारी समेत 64 नाम शामिल हैं।
