लोनी में कपड़ा कारोबारी से 27 लाख की ठगी का आरोप, दंपती समेत तीन पर मुकदमा

News Desk
2 Min Read

लोनी। लोनी थाना क्षेत्र में रहने वाले दंपती पर पानीपत के कारोबारी ने 27 लाख रुपये का कपड़ा खरीदकर फरार होने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि आरोपितों ने घर बुलाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस जांच कर रही है।

पानीपत के रहने वाले राकेश गर्ग कपड़ा कारोबारी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली माडल टाउन में रहने वाले दंपती कंवल अग्गी और नेहा अग्गी भी पानीपत में कपड़ा का काम करते थे।

दोनों ने उनसे अप्रैल और मई 2025 में करीब 27 लाख रुपये का कपड़ा खरीदा था। समय पूरा होने के बाद दंपती द्वारा रुपये नहीं दिए और पानीपत से गायब हो गए।

कारोबारी को लोनी बुलाया फिर…

काफी तलाश करने के बाद दंपती के लोनी थाना क्षेत्र की प्रशांत विहार कॉलोनी में रहने का पता चला। दंपती से संपर्क करने पर उन्होंने रुपये देने का आश्वासन देकर कारोबारी को लोनी बुलाया।

आरोप है कि कारोबारी जब उनसे मिलने पहुंचे तो दंपती ने अपने साथी सद्दाम के साथ मिलकर उसके साथ गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

जिसके बाद कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment