हरदोई में ताश के पत्तों की तरह गिरा पुल, हादसे के वक्त गुजर रहा ट्रक फंसा

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गाहा नदी पर बना करीब चार दशक पुराना पुल गिर गया. यह हादसा उस समय हुआ जब एक डंपर पुल के ऊपर से गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि इस घटना में दो लोगों को मामूली चोट आई है. जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया. पुल टूटने से कई गांव का संपर्क तहसील से टूट गया है. ग्रामीणों को अब कई किलोमीटर लंबा सफर तय कर तहसील पहुंचना पड़ेगा.

ग्रामीणों का कहना है कि वो प्रशासन से कई बार इस जर्जर पुल की मरम्मत के लिए शिकायत कर चुके थे. लेकिन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया जिसके चलते यह हादसा हुआ. गनीमत यह रही कि इसमें किसी की जान नहीं गई. यह पुल चार दशक पुराना है और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बिलग्राम के गंगा नदी के राजघाट पर जाने वालों के लिए दूसरा रास्ता है. जबकि आने वालों के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल किया जाता है.

गाहा नदी पर बना पुराना पुल गिरा

यह पुल पिछले कई सालों से जर्जर हो चुका था. पुल पर बनी साइड की रेलिंग भी टूट चुकी थी और लेंटर में भी काफी दरारें आ चुकी थीं. गुरुवार शाम 5 बजे एक डंपर इस पुल पर से गुजर रहा था. तभी यह भरभराकर नीचे गिर गया और डंपर लटका रहे गया. पुल गिरने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंची और प्रशासन को इसकी सूचना दी.

दो लोगों को मामूली चोटें आईं

इस मामले पर ग्राम प्रधान विकास मिश्रा ने बताया कि यह पुल कम से कम 40- 45 साल पुराना है. कई बार इसकी मरम्मत की शिकायत प्रशासन से की गई थी. यहां पर एसडीएम साहब और कई उच्च अधिकारी भी आ चुके हैं. सबको सूचना दी गई थी लेकिन किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया. समय पर इसे ठीक कर लिया जाता तो यह हादसा नहीं होता.

Share This Article
Leave a Comment