कविनगर में बुजुर्ग दंपती पर हमला करने वाले दोनों लुटेरे गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद : गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र में वरिष्ठ दंपती पर हमले और लूटपाट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक आरोपी मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स और चेन बरामद कर ली है।

एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि 72 वर्षीय नरेंद्र शर्मा और उनकी पत्नी मधू शर्मा को उस समय घायल कर दिया गया था, जब एक युवक खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर उनके घर में घुस आया था। आरोपी ने पानी मांगने के बहाने अंदर जाकर दंपती को कमरे में बंधक बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने ब्लेड कटर से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया और सोने के जेवर लूटकर बाहर खड़े साथी के साथ फरार हो गया।

पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को बाइक पर रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा घेराबंदी में पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि शर्मा उर्फ लवली (26) और उसके साथी अंकुर शर्मा के रूप में हुई है।

पूछताछ में रवि ने खुलासा किया कि वह दिल्ली के सीआरआरआईटी से पॉलिटेक्निक पासआउट है और नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि प्रेम संबंध टूटने के बाद वह गांजा और स्मैक का सेवन करने लगा और यू-ट्यूब चैनल चलाकर शायरी के वीडियो बनाता था। वहीं उसका साथी अंकुर, जो बीकॉम पास है, ने उसे बताया था कि पीड़ित दंपती के घर में काफी गहने मिल सकते हैं।

Share This Article
Leave a Comment