नई दिल्ली- पश्चिमी दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में भारी हंगामा हो गया। तेज रफ्तार डीटीसी क्लस्टर बस की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कई बसों में तोड़फोड़ कर दी।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे नजफगढ़ की ओर से आ रही एक डीटीसी क्लस्टर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर चल रहे एक स्कूटी सवार, एक बाइक चालक, एक रिक्शा और कुछ पैदल राहगीरों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और बस चालक के खिलाफ गुस्सा जाहिर करने लगे। देखते ही देखते भीड़ ने दुर्घटना में शामिल बस को घेर लिया और उस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई बसों के शीशे टूट गए और माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साई भीड़ ने पास से गुजर रही एक अन्य डीटीसी बस को भी निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी। आग लगने से बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
