लोनी (गाजियाबाद)। लोनी में गाजियाबाद मार्ग पर अवैध रूप से बनाई गई मजार को शनिवार को प्रशासन की टीम ने पुलिस बल के साथ मिलकर ध्वस्त कराया।
इस दौरान एहतियात के तौर पर भारी पुलिसबल तैनात रहा और दो जेसीबी मशीनों ने मजार को ध्वस्त किया। एसडीएम व डीसीपी देहात ने अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
लोनी गाजियाबाद रोड पर करीब डेढ़ दशक पूर्व लोक निर्माण विभाग की 50 वर्ग गज भूमि पर अवैध रूप से हजरत जमालुद्दीन उर्फ भूरे शाह की मजार का निर्माण किया गया था।
रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया
एसडीएम दीपक सिंघनवाल ने बताया कि अभिलेखों की जांच के बाद संबंधित निर्माण सरकारी संपत्ति में पाया गया। मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को लोनी गाजियाबाद रोड पर इंदिरा मार्केट के पास बनाई गई मजार को दो जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त कर रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
इस अवसर पर डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी, लोक निर्माण विभाग, नायब तहसीलदार लीलू सिंह, लोनी नगर पालिका परिषद के खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी संजीव अवाना व नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया की अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि एसडीएम के निर्देशन में मजार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
अवैध निर्माण स्वीकार नहीं…
इस दौरान देहात क्षेत्र के थानों के 300 पुलिसकर्मी, पीएसी की दो बटालियन मौके पर मौजूद रही। सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इससे पूर्व ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में प्रशासन द्वारा 14 जून को हरित पट्टी में जेसीबी मशीन चलाकर मजार और कमरे को ध्वस्त किया गया था, वहीं 28 जून को सेक्टर सी वन में जेसीबी मशीन की सहायता से पक्की मजार को ध्वस्त किया गया था।

