देशभक्त और शिक्षा सुधारक को निशाना बनाना भाजपा की घटिया राजनीति का उदाहरण
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के साथ केंद्र सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना की है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा शासित केंद्र सरकार, जो देशभक्ति और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित हैं, वांगचुक को राजनीतिक प्रताड़ना का शिकार बना रही है।
पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे व्यक्ति, जिन्होंने शिक्षा सुधार और नवाचार में अपना जीवन समर्पित किया, उन्हें सरकार का पूरा तंत्र प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि देश और युवाओं के भविष्य के लिए काम करने वाले शिक्षाविद् और नवोन्मेषकों को प्रताड़ित करना भाजपा की घटिया राजनीति का उदाहरण है।
वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में कहा कि वे केवल लद्दाख की आवाज नहीं, बल्कि पूरे भारत के युवाओं की उम्मीद हैं। उनका व्यक्तित्व शिक्षक की सादगी, वैज्ञानिक का ज्ञान और देशभक्त की आत्मा का प्रतीक है। सिसोदिया ने कहा कि भाजपा के शासन में ऐसे सच्चे शिक्षकों और नवोन्मेषकों को राजनीति के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने वांगचुक की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। 1988 में उन्होंने स्टूडेंट्स एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख की स्थापना की। सरकारी स्कूल प्रणाली में सुधार के लिए ऑपरेशन न्यू होप की शुरुआत की और पारंपरिक परीक्षा में असफल छात्रों के लिए वैकल्पिक विद्यालय खोला। 2018 में उन्हें रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, वांगचुक ने लद्दाख में टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा से चलने वाली मिट्टी की इमारतें बनाई और कृत्रिम हिमनद ‘आइस स्तूप’ का आविष्कार किया, जिससे सर्दियों में पानी संग्रहीत करके किसानों को वसंत ऋतु में उपलब्ध कराया जा सके।
