हेलमेट न पहनने के विवाद से शुरू हुई घटना
गाजियाबाद। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में एक पेट्रोल पंप पर दो युवकों और सेल्समैन के बीच हिंसक घटना घटी। हेलमेट न पहनने पर पेट्रोल देने से इनकार करने पर युवकों ने आक्रोशित होकर वापस आकर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों को सेल्समैन ने बिना हेलमेट पेट्रोल देने से मना किया। इससे नाराज होकर दोनों युवक धमकी देते हुए चले गए।
करीब 20 मिनट बाद वही दो युवक अपने पांच-छह साथियों के साथ वापस आए और सेल्समैन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल सेल्समैन प्रेमपाल ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और कुछ युवकों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
