साहिबाबाद (गाजियाबाद)। खोड़ा में नगर पालिका परिषद की ओर से निर्माण उपविधि बनाने को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि अधिशासी अधिकारी निर्माण उपविधि बनाने की अनुमति के लिए शासन को पत्र लिखेंगे।
इसको लेकर पलिका अधिकारियों ने बैठक की और इसका निर्णय लिया। अब एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण लोग धड़ल्ले से मानक से ज्यादा बहुमंजिला इमारतें बना रहे हैं। बिना किसी स्पष्ट नियम और निगरानी के बिल्डरों ने पांच से छह मंजिल तक की इमारतें खड़ी कर दी हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
सर्वे में मिली थी 5165 अवैध बहुमंजिला इमारतें
कई लोगों ने बहुमंजिला इमारत बनाकर फ्लैट बेच दिए या किराये पर दे दिए और इसके बाद क्षेत्र छोड़ दिया। ऐसे भवनों पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका की ओर से सर्वे कराया गया था।
सर्वे में 5165 अवैध बहुमंजिला इमारतें निकली थीं। कुल 72 माेहल्ले में हुए सर्वे में 51652 मकानों में से करीब 31 हजार मकान चार मंजिल के मिले थे। उसके बाद उन पर कार्रवाई को लेकर नोटिस और ध्वस्तीकरण की तैयारी की जा रही थी।
बोर्ड बैठक में सभासदों के हंगामे के बाद कवायद को रोक दी गई थी। नए अधिशासी अधिकारी ने कार्यभार संभालते ही बैठक कर निर्माण उपविधि बनाने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में अधिशासी अधिकारी ने कहा कि निर्माण उपविधि बनाने को लेकर शासन से अनुमति ली जाएगी।
5165 अवैध बहुमंजिला इमारतों पर लटकी कार्रवाई की तलवार
निर्माण उपविधि बनाने को लेकर कवायद शुरू होने से अब फिर से सर्वे में निकलीं 5165 अवैध बहुमंजिला इमारतों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। बता दें सर्वे में निकली अवैध बहुमंजिला इमारतें पांच से छह मंजिला मिली थीं।
नियमानुसार भूतल के साथ तीन मंजिल तक बनाने की ही अनुमति है। निर्माण उपविधि न बनने के कारण लोगों ने पांच से छह मंजिल तक इमारत बना लीं। इन इमारतों को बनाने के बाद बिल्डरों ने बेचकर वो खोड़ा छोड़ चुके हैं। अब इनमें रहने वाले लोगों पर हादसे और कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है।
किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं
नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने बताया कि खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण यहां अब तक किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं हुआ है। विकासकर्ता धड़ल्ले से बिल्डर फ्लैट तैयार कर रहे हैं।
बहुमंजिला इमारत में चार लोगों की मौत के बाद उपविधि बनाने को लेकर हो रही मांग
पूर्व में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद से ही निवासियों द्वारा निर्माण उपविधि बनाने की मांग की जा रही है। इसके चलते नगर पालिका की ओर से सर्वे कराया गया था।
