जहांगीराबाद में छह बाइक सवार बदमाशों ने युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दो बदमाशों को धर दबोचा और जमकर पिटाई कर दी, जिनमें से एक बदमाश की भी हालत गंभीर बताई जा रही है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को हिरासत में ले लिया। पुलिस रंजिशन हत्या करने की बात कह रही है।
मंगलवार की शाम करीब 4 बजे जहांगीराबाद के मोहल्ला न्यू पाठक निवासी 22 वर्षीय बबलू उर्फ विपुल पुत्र हीरा लोधी घर से बाहर निकला था। इसी दौरान विमला टॉकीज के समीप पहले से घात लगाए बैठे 5 से 6 बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर तमंचा निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बताया गया कि बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली युवक के सीने में लग गई। गोली लगते ही युवक नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर लोग दौड़ पड़े और युवक को गोली मार कर भाग रहे बदमाशों की घेराबंदी कर ली। इसी दौरान एक बदमाश ने तमंचा निकालकर लोगों के ऊपर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों बदमाशों को धर दबोचा और दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई कर दी। बताया गया कि मारपीट में बदमाश भी बुरी तरह घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाकी बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे। गोलीकांड की सूचना मिलते ही जहांगीराबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और आनन-फानन में गोली लगने से घायल हुए युवक को गाड़ी में बैठा कर जहांगीराबाद सीएचसी ले गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में में चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में हाहाकार मच गया।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
युवक जैसे ही गली से बाहर निकलकर विमला टॉकीज के समीप पहुंचा तो बदमाशों ने हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाश कई घंटे से युवक पर हमले की फिराक में थे और रेकी कर रहे थे। बदमाशों ने बेखौफ होकर भरी बाजार युवक पर गोलियों के बौछार कर दी। सरेबाजार हुई वारदात से लोग दहशत में हैं।
लोगों ने साहस दिखाते हुए हथियारबंद बदमाशों को पकड़ा
बताया गया कि तीनों बदमाशों ने हाथ में हथियार ले रखे थे और युवक को गोली मारने के बाद मौके से भाग रहे थे, इसी दौरान लोगों ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने भीड़ को डराने के लिए तमंचा लहरा दिया और एक बदमाश ने हवा फायरिंग कर दी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को धर दबोचा और जमकर पिटाई कर दी। जबकि अन्य बदमाश फरार हो गए।
सरे बाजार गोली मारकर हत्या से फैली सनसनी
जिस स्थान पर युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई वहां अक्सर लोगों का आवागमन रहता और आसपास में दुकानों पर भीड़ जुटी रहती है। बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए साहस पूर्ण वारदात को अंजाम दिया। गोलीकांड के बाद लोग दहशत में है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। 2 बदमाशों को हिरासत में लिया गया है जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
-नीरज कुमार प्रभारी निरीक्षक जहांगीराबाद
प्राथमिक छानबीन में रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
– अन्विता उपाध्याय, सीओ अनूपशहर

