युवक ने पत्नी के पिता की हत्या की, मुकदमा दर्ज

Amit
2 Min Read

लखीमपुर खीरी। गोला गोकर्णनाथ निवासी युवक को उसकी पत्नी छोड़कर चली गई। इससे बौखलाए युवक ने सोमवार रात पत्नी के पिता से विवाद किया और बांका मारकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। कांशीराम कॉलोनी निवासी 56 वर्षीय सुरेश गुप्ता की पत्नी गुड्डी देवी ने बताया कि सोमवार की रात करीब 8:30 बजे वह भुसौरिया चौराहे से अपनी पान पुड़िया की दुकान बंद करके घर आईं। घर के बाहर कुम्हारन टोला निवासी अमन वाल्मीकि उनके पति सुरेश गुप्ता से झगड़ा कर रहा था।

इसी दौरान अमन वाल्मीकि ने सुरेश की गर्दन पर बांका मार दिया। इसमें सुरेश गंभीर घायल हो गए। परिजन उन्हें गोला सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी गुड्डी देवी ने बताया कि आरोपी अमन वाल्मीकि दो वर्ष पूर्व उनकी पुत्री कंचन को ले गया था। उससे प्रेम विवाह किया। कंचन छह माह पहले अमन के कृत्यों से तंग आकर कहीं चली गई। इसी को लेकर आए दिन आरोपी अमन वाल्मीकि घर आकर गाली गलौज करता था।
कहता था कि कंचन को लाकर दो नहीं तो जान से मार देंगे। गुड्डी देवी ने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि अमन वाल्मीकि द्वारा जान से मार देने की धमकी की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सूचना पर पहुंचे सीओ गवेंद्र गौतम ने बताया कि मृतक के गर्दन पर दाहिने कान के नीचे धारदार हथियार से प्रहार किया गया है। आरोपी अमन वाल्मीकि के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment