पति को खाने में जहर देकर मारने वाली महिला गिरफ्तार

Rohit Kumar
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। इकोटेक तीन कोतवाली पुलिस ने पति को खाने में जहर देकर मारने का प्रयास करने वाले आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। हल्दौनी गांव में किराए के मकान में रहने वाली महिला ने प्रेमी से शादी करने के लिए पति को खाने में जहर मिलाकर दिया था। गंभीर हालत में पीड़ित व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी महिला के प्रेमी की तलाश में जुटी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हल्दौनी गांव में ज्ञानचंद सैनी अपनी पत्नी के साथ रहता था। चार दिन पहले ज्ञानचंद को उसकी पत्नी सोनम ने खाने में जहर मिलाकर दे दिया था। इसके बाद वह घर का सामान समेटकर अपने प्रेमी कल्लू उर्फ कलुआ के साथ फरार हो गई थी। उधर, तबीयत बिगड़ने पर ज्ञानचंद सैनी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां उसका अभी इलाज चल रहा है। इस मामले में ज्ञानचंद के पिता किशन सैनी ने ईकोटेक तीन कोतवाली में सोनम के खिलाफ शिकायत दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सोनम सैनी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सोनम ने बताया कि उसने अपने प्रेमी कल्लू उर्फ कलुआ के साथ षड्यंत्र के तहत पति को मारने की नियत से खाने में जहर मिला कर दिया था। उसका मकसद पति की मौत के बाद प्रेमी के साथ शादी करना था। पुलिस घटना में शामिल आरोपी महिला के प्रेमी की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment