मेरठ में निकाह का दबाव बनाया तो महिला को फावड़े से काटकर मार डाला, फिर उसकी बच्ची को लेकर घूमने लगा

Rohit Kumar
3 Min Read

मेरठ। लिसाड़ी गेट की आजाद नगर कॉलोनी में रविवार को एक सिरफिरे ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए फावड़े से काटकर प्रेमिका की हत्या कर दी। घटना के समय मृतका की चार साल की बेटी भी कमरे में थी। आरोपी ने 20 से ज्यादा वार किए और महिला को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी अपने साले के घर पहुंच गया। वारदात का पता चला तो साले ने उसे दबोच लिया और पुलिस को हत्या की सूचना दी।

लिसाड़ी गेट समर गार्डन निवासी खालिद ठेकेदारी करता है। खालिद के साले नईम का आजादनगर कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान है। मकान में पत्थर लगाने का काम होना है, जिसके लिए नईम ने दो दिन पहले खालिद को मकान की चाबी दी थी। रविवार शाम खालिद अपनी प्रेमिका रुखसार और उसकी बेटी को लेकर यहां पहुंचा। खालिद ने इसी मकान में रुखसार की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। आरोपी ने 20 से ज्यादा वार किए और गर्दन को शरीर से अलग कर दिया। इसके बाद रुखसार की बेटी को लेकर वह नईम के घर पहुंचा और बच्ची को थोड़ी देर के लिए रखने को कहा। नईम को शक हुआ तो उसने पूछताछ की। खालिद ने हत्या की बात बताई तो नईम ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पुलिस दौड़ी। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लिया और खालिद को गिरफ्तार कर लिया। मौके से आला ए कत्ल बरामद कर लिया गया है। एसपी सिटी विनीत भटनागर और सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। फिलहाल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

खालिद बोला, निकाह का दबाव बना रही थी, इसलिए कत्ल किया

आरोपी खालिद ने पुलिस पूछताछ में बताया कि रुखसार हुमायूंनगर में रहती थी। पांच साल पहले उसका निकाह आबिद से हुआ था, लेकिन फिलहाल दोनों अलग रह रहे थे। खालिद ने बताया कि रुखसार साथ रहने के लिए दबाव बना रही थी। इसी को लेकर विवाद हुआ।

————–

प्रेम प्रसंग और विवाद में हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रुखसार के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

– विनीत भटनागर, एसपी सिटी।

Share This Article
Leave a Comment