केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी की बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द की शिकायत के बाद AIIMS में कराए गए भर्ती

Rohit Kumar
2 Min Read

नई दिल्ली. केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी को रविवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया. सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सीने में जकड़न की शिकायत के बाद रेड्डी को रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर अस्पताल लाया गया.

एम्स से जुड़े सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री को कार्डियो न्यूरो सेंटर की हृदय देखभाल इकाई में भर्ती कराया गया है. हालांकि रेड्डी की हालत को लेकर कोई ताज़ा जानकारी नहीं मिल पाई है.

इससे पहले दिन में, केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भारत की विरासत, इतिहास और संस्कृति पर प्रकाश डाला गया है. रेड्डी यहां ‘नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट’ (NGMA) में रेडियो कार्यक्रम की 100वीं कड़ी के उपलक्ष्य में ‘जन शक्ति: एक सामूहिक शक्ति’ प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे.

वैश्विक पर्यटन निवेशक सम्मेलन से पहले किया रोड शो

रेड्डी इससे पहले गुरुवार को पहले वैश्विक पर्यटन निवेशक सम्मेलन से पहले यात्रा एवं पर्यटन उद्योग में हितधारकों के बीच जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित एक रोडशो में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि पर्यटन उद्योग में स्टार्टअप और कंपनियां, दोनों के लिए निवेश के अपार अवसर मौजूद हैं.

रेड्डी ने कहा कि सरकार भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने और सतत वृद्धि के लिए समर्पित होकर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी मानती हैं कि पर्यटन आर्थिक वृद्धि लाने में अहम भूमिका निभा सकता है. इसलिए होटलों और अन्य पर्यटन संबंधी अवसंरचनाओं में निजी निवेश बहुत जरूरी है.

Share This Article
Leave a Comment