नई दिल्ली- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक बार फिर बुधवार को जनसुनवाई आयोजित करने जा रही हैं। गौरतलब है कि पिछली जनसुनवाई के दौरान, 20 अगस्त को, उन पर एक व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया था। घटना के बाद यह पहली बार है जब सीएम जनता से सीधे संवाद करेंगी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने कोई जोखिम न लेते हुए पुख्ता इंतजाम किए हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस बार मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने जानकारी दी कि सीएम आवास के बाहर एक हाईटेक फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) से लैस इजरायली तकनीक वाली विशेष गाड़ी तैनात की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान पहले ही की जा सकेगी।
पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर तैयार किया गया सुरक्षा प्लान पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। सुबह 8:30 बजे से शुरू होने वाली जनसुनवाई के दौरान पूरे समय वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एसीपी, इंस्पेक्टर और अन्य सुरक्षाकर्मी सीएम आवास के बाहर और भीतर तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के विशेष उपायों के तहत, सादे कपड़ों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जा रही है, जो आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखेंगे। महिला कर्मियों को खासतौर पर महिला आगंतुकों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीएम रेखा गुप्ता को पहले से ही जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन 20 अगस्त की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा बल, मेटल डिटेक्टर, और पिकेट कमांडो की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। सीआरपीएफ के जवान भी उनके आसपास तैनात रहेंगे।
बता दें कि पिछली जनसुनवाई के दौरान गुजरात के राजकोट से आए एक व्यक्ति ने खुद को “डॉग लवर” बताते हुए सीएम पर हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गई थीं। इसके बाद जनसुनवाई कार्यक्रम अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। अब दो सप्ताह बाद सीएम जनता से सीधे संवाद के लिए फिर तैयार हैं।

