गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा: कैंटर की टक्कर से ब्लिंकिट राइडर दयाशंकर की मौत, परिजनों ने जताया हत्या का अंदेशा

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद: सिद्धार्थ विहार इलाके के रहने वाले 20 वर्षीय दयाशंकर की मंगलवार रात डीपीसी चौराहे के पास कैंटर की टक्कर लगने से मौत हो गई। वह ब्लिंकिट में राइडर था और घटना के समय बाइक से चौराहे से गुजर रहा था।

हादसे के बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक मूल रूप से संभल जिले के रजपुरा थानाक्षेत्र के गांव सुंदरपुर का रहने वाला था।

मृतक के भाई ने लगाया आरोप

मृतक के भाई विशेष ने हादसे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दयाशंकर करीब 30 मिनट तक सड़क पर घायल हालत में तड़पता रहा, लेकिन मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में डायल-112 की गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

विशेष ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए एक व्यक्ति पर दयाशंकर की हत्या करने और घटना को हादसे का रूप देने की साजिश का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस के स्तर से हादसे में कैंटर की टक्कर से घायल होने की बात सामने आई है।

उपचार मिलने में देरी का आरोप

सोमवार देर रात भी सड़क हादसे में घायल स्कूटी सवार 38 वर्षीय देवेंद्र को अस्पताल पहुंचाने में देरी की बात सामने आई थी। उपचार में देरी के बीच उनकी मौत हो गई थी। ऐसे में लगातार दो घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment