महिला कर्मचारी के साथ तीन लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, केस दर्ज

Amit
2 Min Read

अगवानपुर। एक साल पहले नर्सिंग होम की महिला कर्मचारी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। अब नर्सिंग होम की संचालिका सहित अन्य लोग महिला पर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव बना रहे हैं। इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने नर्सिंग होम संचालिका समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला की शादी जनपद अमरोहा में हुई है। शादी से पहले महिला शेरूवा चौराहा स्थित नर्सिंग होम में  नर्स का कार्य करती थी। आरोप है कि जुलाई 2023 को स्टाफ रूम में डॉ. मोबिना कोल्ड ड्रिंक लेकर आई। उसने महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया।

नर्सिंग होम के नजदीक रहने वाले मोटरसाइकिल के मिस्त्री गुड्डू उर्फ इमरान निवासी सराय खजूर और कवींद्र सिंह व दुष्यंत सिंह निवासी जनकपुरी अमरोहा ने स्टाफ रूम में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद तीनों आरोपी महिला को बेहोश छोड़कर भाग गए थे। होश में आने पर महिला ने डॉक्टर से पूछताछ की तो डॉक्टर ने उसको धमकी देकर चुप करा दिया था। महिला भी अपनी बदनामी  के डर से खामोश हो गई। इसके बाद उसकी शादी हो गई, लेकिन इसके बाद अब आरोपी महिला का पीछा करना छोड़ नहीं रहे थे।

आरोप है कि कुछ दिन पहले ही गुड्डू ने महिला पर मुस्लिम धर्म अपनाने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। महिला ने  इनकार किया तो  आरोपी महिला और उसके परिवार को दुष्कर्म की घटना के बारे में बताने और जान से  मारने की धमकी देने लगे। महिला ने अपने पति और परिजनों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत पर नर्सिंग होम संचालिका सहित तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज  किया गया है। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि तीन दिन पहले केस दर्ज किया गया था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment