हरियाणा में किसानों का कोई मुद्दा नहीं है, सबसे ज्यादा एमएसपी पर हमारी सरकार खरीद रही फसलें- पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा

Amit
3 Min Read

हरियाणा।  करनाल में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में किसानों का कोई मुद्दा नहीं है। सबसे ज्यादा एमएसपी पर हमारी सरकार फसलें खरीद रही है। शंभू बॉर्डर पर चल रहे अनशन के मामले पर उन्होंने कहा कि अगर पंजाब के किसानों को कोई समस्या है तो पंजाब सीएम समाधान करें। भाजपा किसानों के साथ खड़ी है और हरियाणा में उनके हित में ही काम हो रहा है।

मंत्री शुक्रवार को करनाल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के सवाल पर कहा कि किसी को भी दिल्ली जाने से रोका नहीं जा रही है। पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए केवल सतर्कता बरती जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।

राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के किसानों पर दिए बयान पर उन्होंने कहा कि वे खुद ही स्पष्ट कर सकते हैं उनका क्या इरादा था। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि उनका बयान पंजाब में बढ़ते नशे की समस्या पर था। संसद में हुई धक्का मुक्की के मामले पर उन्होंने कहा कि वे भी इस सर्वोच्च सदन का हिस्सा थे। वहां की गरिमा सभी को बनाकर रखनी चाहिए। ऐसी घटनाएं दर्शा रही हैं कि कांग्रेस किस हालात से गुजर रही है। वे इस मामले की निंदा करते हैं।

सफेद पट्टी लगाने का कार्य शीघ्र होगा पूरा
सड़कें टूटने और सफेद पट्टी न होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं होगा। सभी अधिकारियों को इस संदर्भ में निर्देश दिए गए हैं। रही बात सफेद पट्टी लगाने की तो इसका काम जारी है। जल्द ग्रामीण सड़कों पर भी यह कार्य पूरा होगा। हमारी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखती है, और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विदित हो कि राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर सफेद पट्टी न होने का मुद्दा अमर उजाला ने उठाया था।

पूर्व सीएम चौटाला के निधन पर जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी व लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश चौटाला के निधन का समाचार सुनकर बेहद दुख हुआ। उनके निधन से देश ने एक कुशल राजनीतिज्ञ को खो दिया है। उन्होंने अपनी ओर से श्रद्धांजलि व्यक्त की और कहा कि उनके जाने से एक बड़ी क्षति हुई है।

Share This Article
Leave a Comment