शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक का सिर गंजा किया, फिर मुंह में कपड़ा ठूंस पीट-पीटकर मार डाला

Rohit Kumar
4 Min Read

बांदा में गुरुवार आधी रात शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर युवक के हाथ-पैर बांधकर लाठी डंडों से पीटा। उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और सिर मुंडवा दिया।

पिटाई से जब युवक बेसुध हो गया तो पुलिस को चोर पकड़े जाने की सूचना देकर बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात देहात कोतवाली के महोखर गांव की है।

प्रेमी की मौत के बाद एसपी अभिनंदन सिंह खुद मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया। महिला के परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की। शक हुआ तो महिला के प्रेमी से सख्ती से पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हुआ।

इसके बाद पुलिस ने महिला के पति राजकरन और पिता हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य हत्यारोपी फरार हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, मृतक के परिजन हत्या के पीछे पैसों के लेनदेन की बात कह रहे हैं।

प्रेमिका ने फोन करके बुलाया था, पति ने पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, महोखर गांव की रहने वाली महिला का डेढ़ साल से पड़ोस में रहने वाले नन्दू (29) से अफेयर था। महिला ने नन्दू को फोन करके रात को मिलने बुलाया था। रात करीब 1 बजे नन्दू मिलने पहुंच गया। दोनों जब साथ में थे तभी महिला के पति राजकरन ने दोनों को एक साथ देख लिया।

पत्नी के साथ युवक को देखकर राजकरन आगबबूला हो गया। उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए। सभी ने नन्दू को मौके से पकड़ लिया। लाठी डंडों और रॉड से उसकी पिटाई करने लगे। वह चीखने लगा तो आवाज दबाने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद राजकरन ने प्रेमी नन्दू का सिर मुंडवा दिया। पिटाई से नंदू बेहोश होकर गिर गया।

पुलिस चोर समझकर ले गई थी अस्पताल

इसके बाद परिवार के ही एक शख्स ने पुलिस को सूचना दी कि घर में चोर घुस आया था। उसे पकड़कर पीट दिया गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक जमीन पर पड़ा था। उसके हाथ पैर बंधे थे, मारपीट से कपड़े फट चुके थे। पुलिस युवक को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा बोले- घर बुलाकर भतीजे को मार डाला

मृतक नंदू के चाचा मुन्नी लाल ने बताया, “भतीजा मजदूरी करता था। रात को गांव के बऊवा, कोटा और मटरू व अन्य ने उसे अपने घर पर बुलाया। उसके बाद सभी ने हाथ-पैर बांधकर पीटा। हमको पूरी घटना सुबह पता चली। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।”

SP बोले- चोर बताकर पुलिस को बुलाया था

एसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि घर पर चोर घुस आए हैं, जिसे पकड़ लिया है। मामले की जब गंभीरता से जांच की गई तो पता चला कि प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को बंधक बनाकर पीटा गया था। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में परिवार ने चोर की कहानी गढ़ दी। पुलिस ने महिला के आरोपी पति राजकरन और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment