फर्जी पहचान बनाकर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, पुलिस ने बड़ा फर्जीवाड़ा किया उजागर

Amit
3 Min Read

रुद्रपुर पुलिस के हत्थे चढ़ी महिला ठग, शादी और प्रेमजाल के नाम पर करती थी ठगी

रुद्रपुर। शहर की कोतवाली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी से जुड़े बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी महिला की पहचान हिना रावत निवासी खरमासा, कुंडेश्वरी (थाना काशीपुर) के रूप में हुई है। वह खुद को अलग-अलग नामों और पेशों में ढालकर लोगों को ठगती थी।

6 जून को रुद्रपुर निवासी दीपक कक्कड़ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एक महिला ने खुद को “अंकिता शर्मा”, हाईकोर्ट की वकील बताकर उनसे संपर्क किया। पहले व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई, फिर उसने प्रेमसंबंध बनाकर शादी का झांसा दिया और दीपक के घर में रहने लगी। बाद में वह 30 लाख रुपये की मांग कर ब्लैकमेल करने लगी और पैसे न देने पर हत्या या आत्महत्या का आरोप लगाकर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी।

जांच में सामने आया कि महिला का असली नाम हिना रावत है, और वह पहले से शादीशुदा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 50 हजार रुपये नकद और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह विदेश भागने की योजना बना रही थी, जिसके लिए उसने पैसे की मांग की थी।

हिना रावत की ठगी का तरीका बेहद योजनाबद्ध था। वह कभी खुद को व्यवसायी, कभी हाईकोर्ट वकील, कभी ब्रांड एंबेसडर तो कभी सरकारी ठेकेदार बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। मैट्रिमोनियल साइट्स पर अविवाहित बनकर पुरुषों से संपर्क करती, और फिर झूठे केसों की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठती।

पुलिस का मानना है कि महिला की धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से कई पीड़ित अब तक सामने नहीं आए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे मामलों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Share This Article
Leave a Comment