घर से मांस जलने की आ रही थी दुर्गंध, अंदर का नजारा देखकर पुलिस के उड़े होश

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को एक मकान में एक अर्धजला शव मिला है। इसे लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय आनंद ने मंगलवार को बताया कि बांगरमऊ कस्बे के फायर ब्रिगेड स्टेशन मार्ग स्थित मोहल्ला न्यू कटरा के एक घर के अंदर कमरे में  पुलिस ने एक जला हुआ शव बरामद किया है। पुलिस ने जिस घर से शव बरामद किया है, उस मकान के मालिक और उसके एक साथी को हिरासत में लिया है। मरने वाला कौन है, जलाने के पीछे आरोपियों का क्या मकसद है सहित कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

दरअसल सोमवार शाम से संतोष के घर से मांस के जलने जैसी तेज दुर्गंध आ रही थी। यह बदबू आज और तेज हो गई जिससे लोगों का दम घुटने लगा। इसके बाद सब ने एक होकर मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और मकान खोलकर देखा तो एक कमरे में आग से जला हुआ शव दिखाई दिया। बताया जिस शव को पुलिस ने संतोष के घर से बरामद किया है, वह अधजला होने की वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

विजय आनंद ने बताया कि जिन लो गों को हिरासत में लिया गया है वह नशे में है और कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। नशा उतरने के बाद उनसे पूछताछ की जायेगी। फिलहाल विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को जांच में सहयोग के लिए बुलाया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया नगर के फायर ब्रिगेड स्टेशन मार्ग पर संतोष पुत्र स्वर्गीय बैजू लाल का मकान स्थित है। यहां सिर्फ संतोष रहता है। इसी मकान से अधजले शव के मिलने के बाद मकान मालिक संतोष और उसके साथी भूरा को हिरासत में लिया गया है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment