पिता गए थे शादी की तारीख तय करने, बेटी ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

Rohit Kumar
3 Min Read

झांसी के खैरा गांव में एक लड़की ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी शादी तय हो चुकी थी। पिता शादी की डेट फाइनल करने गए थे। घर लौटने पर उन्हें बेटी के सुसाइड के बारे में जानकारी हुई। सुसाइड के बाद लड़की के कपड़ों से मोबाइल भी मिला है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला रक्सा थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है।

एक महीने पहले तय हुई थी शादी

खैरा गांव में बाबूलाल परिहार रहते हैं। उनकी 18 साल की बेटी अभिलाषा परिहार थी। पिता ने बताया, ”मेरी बेटी ने दो साल पहले 10वीं पास की थी। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। मैंने एक महीने पहले उसका चिरगांव के पास करगुवां गांव में रिश्ता पक्का किया था।”

बेटी के कपड़ों में मिला मोबाइल

उन्होंने बताया, ”20 जनवरी की सुबह मैं बेटी की शादी की डेट फाइनल करने के लिए करगुवां गांव गया था। बड़ा बेटा भरत मजदूरी करने गया था। पत्नी गिरजा बच्चों के साथ खेत पर चली गई। घर पर बड़ी बेटी अभिलाषा परिहार और बहू आरती थी। दोपहर को आरती आंगनबाड़ी में राशन लेने चली गई।”

पिता ने बताया, ”शाम को बहू आई, तो कमरे में अभिलाषा फंदे पर लटकी थी। वह घर के बाहर भागी और चिल्लाने लगी। तब आसपास के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी गई। शव को फंदे से नीचे उतारा, तो बेटी के कपड़ों में एक मोबाइल मिला। इस मोबाइल के बारे में परिवार वालों को कुछ भी पता नहीं था।”

पिता बोले- एक महीने पहले पिता ने लड़की को समझाया था

पिता बाबूलाल परिहार ने बताया, ”करीब एक महीने पहले मेरी छोटी बेटी ने बताया था कि अभिलाषा और पड़ोस में रहने वाला दूसरी जाति का लड़का अजय आपस में बातचीत करते हैं। तब मैंने अपनी बेटी और अजय को काफी समझाया था। इसके बाद भी उसने चोरी-छिपे मेरी बेटी को मोबाइल दे दिया। अब हम लोग बेटी की शादी करने जा रहे थे। मगर, बेटी ने सुसाइड कर लिया। हम चाहते हैं कि अजय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।” उधर, लड़की के सुसाइड के बाद अजय घर से भाग गया है।

सीओ और फोरेंसिक टीम पहुंची

वहीं, लड़की के सुसाइड करने की सूचना पर रक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ प्रज्ञा पाठक भी पहुंचीं। इसके बाद फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने लड़की के पास से मिले मोबाइल को जब्त कर लिया है।

Share This Article
Leave a Comment