चोरी की बाइक से झपटमारी वाला बदमाश गिरफ्तार, चार मामलों का खुलासा

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में मोबाइल स्नैचिंग और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कोंडली निवासी रोहित उर्फ लाला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल झपटमारी की घटनाओं में किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने मोबाइल फोन झपटे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह मेट्रो स्टेशन से अपने घर की ओर जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक पीछे से आया और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटना स्थल और आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके ठिकाने तक पहुंच बनाई।

जांच में पता चला कि स्नैचिंग में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। यह बाइक कल्याणपुरी इलाके से चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया।

पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी से स्नैचिंग और वाहन चोरी से जुड़े कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

Share This Article
Leave a Comment