जहरीली हवा से बेहाल राजधानी, GRAP-4 लागू, उड़ानों पर भी पड़ा असर

Amit
2 Min Read

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। बृहस्पतिवार सुबह दिल्लीवासियों की नींद धुंध, कोहरे और घने स्मॉग के साथ खुली। शहर के कई हिस्सों में आसमान पर स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और लोगों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आनंद विहार, विवेक विहार और अक्षरधाम समेत कई इलाकों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़ी 22 उड़ानों को अब तक रद्द किया जा चुका है, जिनमें 11 उड़ानें प्रस्थान और 11 आगमन की हैं।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 के पार पहुंच गया है। आनंद विहार और अक्षरधाम में AQI 416 दर्ज किया गया, जबकि विवेक विहार में 412 और आईटीओ में 397 रिकॉर्ड किया गया है। द्वारका में AQI 361, चांदनी चौक में 387 और इंडिया गेट क्षेत्र में 344 दर्ज किया गया।

आरके पुरम इलाके में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा, जहां AQI 374 दर्ज किया गया, जिसे ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रखा गया है। हालात को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में GRAP स्टेज-IV के तहत सभी सख्त प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Share This Article
Leave a Comment