फरीदाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश इंदर त्यागी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

फरीदाबाद – पुलिस की अपराध शाखा डीएलएफ टीम ने हत्या और हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश इंदर त्यागी उर्फ पंडित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।

पुलिस के अनुसार 17 और 18 अप्रैल की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदर त्यागी थाना भुपानी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही अपराध शाखा की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।

बताया गया कि पुलिस ने जब आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ तीन फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।

इंदर त्यागी 10 अप्रैल को सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित मथुरा रोड के एक होटल के बाहर हुए हत्या कांड में वांछित था। आरोप है कि उसने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य मामलों में भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment