बेटी की बारात आने से एक दिन पहले हुआ हादसा, गैस सिलेंडर फटने से हुई ननद-भौजाई की दर्दनाक मौत

Rohit Kumar
2 Min Read

हरदोई. यूपी के हरदोई शहर से सटे हुए नीर गांव में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. हादसे में होने वाली दुल्हन की मां और बुआ की मौत हो गई. जबकि उन्हें बचाने में कई लोग झुलस गए. दरअसल, जिस घर में हादसा हुआ वहां बारात आने वाली थी. घर की महिलाएं पकवान बना रहीं थीं, तभी गैस सिलेंडर पलट गया और उसकी पिन बाहर निकल गई, जिससे आग लग गई. हादसे की जानकारी मिलते ही डीएम एमपी सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी के अलावा तहसीलदार और पुलिस का अमला वहां पहुंच गया.

कोतवाली देहात के नीर गांव निवासी संजीव सिंह सोमवंशी की बेटी की रविवार को बारात आनी तय थी. शनिवार की रात में घर की महिलाएं पकवान बना रहीं थीं. इसी बीच गैस भट्टी में लगा सिलेंडर पलट गया, जिससे उसकी पिन बाहर निकल गई. पिन निकलते ही वहां मौजूद संजीव सिंह की 45 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी सिंह और 40 वर्षीय बहन शर्मिला सिंह पत्नी आनंद सिंह की ज़िंदा जल कर मौत हो गई. वहीं इन दोनों के बचाने में संजीव सिंह की दूसरी बहन रेनू, परिवार का रामू और मोनू के अलावा कई लोग झुलस गए. दिल दहला देने वाले इस हादसे की खबर जंगल में लगी आग की तरह फैल गई.

डीएम एमपी सिंह, एसपी राजेश द्विवेदी के अलावा तहसीलदार और तमाम जनप्रतिनिधि पहुंच गए. एसएचओ कोतवाली देहात अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे. उन्होंने हादसे के बारे में पूछताछ करते हुए दोनों शवों को अपने कब्ज़े में ले लिया। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि कोतवाली देहात के नीर गांव में सिलेंडर फटने से हादसा हो गया, जिसकी चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हुई है. जिनके शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Share This Article
Leave a Comment