
नोएडा। सेक्टर 66 में सड़क किनारे कार खड़ी कर बिरयानी खाना इंश्योरेंस कंपनी के तीन कर्मियों को भारी पड़ गया। तीनों नामी दुकान में बिरयानी खाकर लौटे तो कार का शीशा तोड़कर चोर तीनों के लेपटॉप चोरी कर भाग गए।
पीड़ित ने फेज तीन थाने में सोमवार को चोरी का मामला दर्ज कराया। उधर, गिरोह वारदात कर पुलिस की सख्ती और गश्त करने जैसी कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहे हैं।
इंश्योरेंस कंपनी में काम करते हैं इशात खन्ना
गाजियाबाद विजयनगर के इशात खन्ना नोएडा सेक्टर 64 स्थित नीवा बोपा इंश्योरेंस कंपनी कार्यालय में नौकरी करते हैं। वह शुक्रवार रात को कार्यालय से काम खत्म कर निकले। कार से अपने दो साथी के साथ घर जा रहे थे, लेकिन सभी ने बिरयानी खाने की योजना बनाई।
तीनों सेक्टर 66 में सड़क किनारे कार खड़ी कर नामी दुकान पर बिरयानी खाने चले गए। वह करीब आधे घंटे बाद वापस आए तो कार का शीशा टूटा मिला था। कार में रखे तीन लेपटॉप और बैग गायब थे।
पीड़ित ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
उन्होंने बैग को आसपास ढूंढा, लेकिन बैग नहीं मिला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
चाेराें की पहचान और तलाश में पुलिस टीम लगी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
गिरोह दे रहा चुनौती
शहर में कार का शाीशा तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य फिर से सक्रिय हो गए हैं। वह शीशा तोड़कर लेपटॉ समेत कीमती सामान चोरी कर रहे हैं। वारदात कर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। पुलिस गश्त पर भी सवालिया निशान लगा रहे हैं।
