आईजीआई एयरपोर्ट पर फर्जी पासपोर्ट के साथ सीरियाई महिला गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआई) थाना पुलिस ने एक सीरियाई मूल की महिला को गिरफ्तार किया है, जो यूएई के फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल करके फ्रांस जाने की कोशिश कर रही थी। गिरफ्तार महिला का नाम लोजैन अली है। एयरपोर्ट इमिग्रेशन विभाग ने उसे पुलिस के हवाले किया और इसके बाद उसके खिलाफ फर्जीवाड़ा समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि लोजैन अली 10 नवंबर को दोपहर सवा दो बजे टर्मिनल-3 पर एयर इंडिया की उड़ान से पेरिस जाने के लिए पहुंची थी। चेक-इन काउंटर पर उसके पास मौजूद यूएई पासपोर्ट की जांच के दौरान दस्तावेज़ फर्जी पाया गया। इसके बाद इमिग्रेशन अधिकारियों ने महिला से पूछताछ की।

तलाशी में उसके पास सीरिया का असली पासपोर्ट भी मिला। रिकॉर्ड के अनुसार, महिला भारत में 1 नवंबर 2025 को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दाखिल हुई थी और इमिग्रेशन क्लियरेंस ले चुकी थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला ने भारत में प्रवेश के बाद कहां-कहां यात्रा की और किससे संपर्क किया।

जांच अधिकारी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला ने अपनी पहचान क्यों छुपाई और भारत से बाहर निकलने की कोशिश क्यों की। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट पुलिस ने इस मामले पर ज्यादा विवरण साझा नहीं किया।

विशेषज्ञों का कहना है कि सीरिया लंबे समय से गृह युद्ध और आतंकवाद की चपेट में है, और आईएसआईएस जैसी आतंकवादी गतिविधियों के लिए यह क्षेत्र जोखिमपूर्ण माना जाता है। ऐसे मामलों में एयरपोर्ट सुरक्षा बेहद सतर्क रहती है।

Share This Article
Leave a Comment