नई दिल्ली- सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) से आग्रह किया कि वह दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में नवंबर–दिसंबर के दौरान खुले मैदान में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं को फिलहाल टालने की संभावना पर विचार करे। अदालत का मानना है कि गंभीर प्रदूषण स्तर के बीच बच्चों को बाहरी गतिविधियों में शामिल करना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है।
मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में खराब होती हवा से निपटने के लिए सक्रिय और दीर्घकालिक कदम उठाने की जरूरत है। पीठ ने यह भी संकेत दिया कि इस मुद्दे की नियमित निगरानी के लिए शीर्ष अदालत को हर महीने सुनवाई करनी चाहिए।

