ग्रेटर नोएडा में 3 करोड़ का सामान चुराकर जंगल में छिपाया… पुलिस ने लोडर समेत 3 आरोपियों को पकड़ा

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने फैक्ट्री में हुई चोरी का पर्दाफाश कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से 3172 पेटीएम प्रिंटर, मशीनें, 147 सेटअप बाक्स और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एडीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ऑइनोट्रानिक्स फैक्ट्री में चोरी हुई थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

जंगल में घेराबंदी कर पकड़ लिया

बुधवार रात सूचना मिली कि चोरी का माल लोडर में भरकर बेचने के लिए ले जाया जा रहा है। आनन-फानन पुलिस टीम ने न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को माल समेत धर लिया।

वहीं, पूछताछ में आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के पसौंडा निवासी बिलाल, बुलंदशहर के ग्राम बालखा निवासी सलमान और ग्राम दरियापुर निवासी आदिल के रूप में हुई।

लोडर में भरकर फरार

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि साथियों के साथ 9 अक्टूबर की रात फैक्ट्री में चोरी की थी। पीछे से पीछे के हिस्से से एग्जास्ट फैन उखाड़कर फैक्ट्री के अंदर पहुंचे। अंदर से पेटीएम मशीनों, एयरटेल सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के कार्टून चोरी कर लोडर में भरकर फरार हो गए थे।

एडीसीपी ने बताया गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई हैं।

Share This Article
Leave a Comment