मंगोलपुरी में लूटपाट का विरोध करने पर दुकानदार और साथी पर चाकू से हमला

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। बाहरी जिला के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर दुकानदार और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के वक़्त दुकानदार सचिन कुमार के सिर पर चाकू मारा गया, जबकि बचाव में आए उसके साथी अरुण कुमार के पैर पर कई बार वार किया। दोनों को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने पकड़ा हमलावर

स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर फरार बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

देर रात दिया घटना को अंजाम 

बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि मंगोलपुरी थाना पुलिस को देर रात मार्केट में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए एक आरोपी को हिरासत में लिया गया।

रोकने पर किया चाकू से हमला 

पीड़ित दुकानदार का कहना है कि करीब आधा दर्जन बदमाश दुकान पर आए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला किया गया। अरुण ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उसके पैर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। सभी बदमाशों के हाथ में चाकू था। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment